home page

अनूपपुर में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, 78 हजार की खेप जब्त

 | 
अनूपपुर में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, 78 हजार की खेप जब्त


अनूपपुर, 6 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 3.83 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई गई है। आरोपित को सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार रात मुखबिर की सूचना पर पॉलीटेक्निक कॉलेज रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 20 वर्षीय शिव तिवारी उर्फ शिवम निवासी पटौराटोला, नई सब्जी मंडी, अनूपपुर को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 3.83 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विवेचना जारी है और संभावित सहयोगियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपित शिव तिवारी के खिलाफ कोतवाली थाने में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अनूपपुर पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला