लाल किला के पास हत्या के प्रयास के मामले में नाबालिग को पकड़ा
नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। उत्तरी जिला पुलिस ने लाल किला परेड ग्राउंड में 17 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग को पकड़ा है। आरोपित उसी रात जामा मस्जिद थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य हत्या के प्रयास की वारदात में भी वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, पांच अप्रैल को एलएनजेपी अस्पताल से सूचना मिली थी कि नांगलोई निवासी 17 वर्षीय किशोर को गंभीर घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। उसकी गर्दन और पेट पर धारदार हथियार के कई घाव थे। घायल बयान देने की स्थिति में नहीं था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि लाल किला स्थित परेड ग्राउंड में उसकी किसी अज्ञात युवक से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उस पर हमला किया गया।
मामले में कोतवाली थाने में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने मंगलवार को बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक वारदात के बाद भागता नजर आया। फुटेज के आधार पर उसकी तस्वीर स्थानीय लोगों को दिखाई गई, जिससे उसकी पहचान चांदनी चौक इलाके में घूमने वाले एक किशोर के रूप में हुई। पुलिस ने दिल्ली और आसपास के कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपित फरार मिला। बाद में तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन हरिद्वार में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित अनेखी गांव में छापा मारकर 29 अप्रैल को उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से चांदनी चौक इलाके में रह रहा था और नशे का आदी है। चार अप्रैल की रात उसने परेड ग्राउंड पार्किंग के पास पीड़ित से नशे के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने और थप्पड़ मारने पर गुस्से में उसने पेपर कटर से किशोर की गर्दन और पेट पर कई वार कर दिए। आरोपित ने यह भी कबूला कि वारदात के बाद उसने उसी रात जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह हरिद्वार भाग गया और रास्ते में हथियार व कपड़े ट्रेन से फेंक दिए।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

