home page

कोटा में सहायक उप निरीक्षक 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
कोटा में सहायक उप निरीक्षक 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार


जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की आसूचना इकाई, कोटा ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए भीमगंजमंडी थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक रविन्द्र यादव को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एसीबी के अनुसार आरोपी ने थाना भीमगंजमंडी में दर्ज एक प्रकरण में परिवादी और उसके माता-पिता के नाम हटाने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत में आरोप है कि आरोपी पहले 35 हजार रुपये ले चुका था और इसके बाद 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद शिकायत का सत्यापन कराया गया। इसके बाद पुलिस उप महानिरीक्षक, एसीबी कोटा रेंज, कोटा ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण में आसूचना इकाई की उप अधीक्षक पुलिस चन्द्रकंवर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी रविन्द्र यादव को परिवादी से 15 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश