कोरबा में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार
- चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, एक नाबालिग भी निरुद्ध
- शोरूम से बाइक और 15 बैटरियां चोरी करने का मामला
कोरबा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कोरबा जिले की उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक बाइक का साइलेंसर बरामद किया है। इनमें दो बाइक कोरबा और दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी में चोरी का है। एजेंसी संचालक जितेन्द्र कुमार टण्डन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने शोरूम की छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने बरपाली के भट्ठी रोड से शुभम कुमार कंवर (18) और विनय कुमार कंवर (19) को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से मोटरसाइकिल और उसका साइलेंसर बरामद किया। आरोपियों ने बैटरियां हसदेव नदी में फेंकने की बात कही। पूछताछ में सक्ती जिले से चोरी की गई एक अन्य बाइक का भी पता चला।
दूसरे मामले में 25 अक्टूबर को भैसमा बाजार से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महेन्द्र चौहान (18 वर्ष 4 माह) और एक नाबालिग को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उन्होंने बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया। वाहन चोरी की अन्य घटनाओं की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

