गड़िया में ब्यूटी पार्लर से महिला व युवक के शव बरामद, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
कोलकाता, 24 मार्च (हि.स.)। कोलकाता के गड़िया के महामायातला इलाके में एक ब्यूटी पार्लर से महिला और एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस को संदेह है कि युवक ने पहले महिला की हत्या की और बाद में आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत महिला की पहचान रूपबाणी दास (50) के रूप में हुई है। वह नरेंद्रपुर थाना अंतर्गत महामायातला में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थीं।
बताया गया है कि मंगलवार दोपहर एक युवक पार्लर में घुसा और धारदार हथियार से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला रक्तरंजित होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद आसपास के दुकानदार डर के मारे मौके से भाग गए। सूचना पाकर भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, पार्लर के अंदर से ही एक युवक का शव भी बरामद किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत युवक कश्मीर का निवासी बताया जा रहा है, हालांकि उसकी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि दोनों के बीच संबंधों में तनाव के चलते युवक ने महिला की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

