home page

गोल्फ ग्रीन मौत कांड में नया मोड़, एक और व्यक्ति हिरासत में

 | 
गोल्फ ग्रीन मौत कांड में नया मोड़, एक और व्यक्ति हिरासत में


कोलकाता, 01 जून (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके में एक फ्लैट से युवक और युवती के शव बरामद होने के मामले में पुलिस को जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। मामले में पुलिस ने एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इससे पहले रविवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान मोहम्मद दिलशाद के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ महीनों से एक 21 वर्षीय युवती के साथ किराये के फ्लैट में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना से एक रात पहले फ्लैट में एक निजी पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें चार लोग शामिल थे। पार्टी के दौरान भारी मात्रा में शराब और नशीले पदार्थों के सेवन की बात सामने आई है।

जांचकर्ताओं का प्रारंभिक अनुमान है कि अत्यधिक नशे के कारण दिलशाद और युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिससे उनकी मौत हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शवों पर रक्तस्राव के कुछ निशान भी मिलने की जानकारी सामने आई है।

रविवार को फ्लैट से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवक-युवती के शव बरामद किए। वहीं, फ्लैट के अंदर से एक अन्य युवक और युवती को नशे की हालत में बचाया गया।

पूछताछ के बाद राहुल मुश्ताक और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार किया गया। बाद में उनकी निशानदेही पर एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फ्लैट से बरामद शराब की बोतलें, संदिग्ध नशीले पदार्थ और अन्य सामान जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही मोबाइल फोन रिकॉर्ड, चैट और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय