कानपुर में 10 हजार रुपये वापस मांगने पर अधिवक्ता के घर पथराव, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। उधार दिए 10 हजार रुपये वापस मांगने पर अधिवक्ता के घर पथराव करने वाले हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर को गुजैनी पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गुजैनी बाईपास से करीब आठ किलोमीटर तक उसका जुलूस निकाला। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में गंभीर धाराओं में करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं।
गुजैनी निवासी अधिवक्ता निखिल तिवारी के घर छह अगस्त की तड़के पथराव किया गया। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर अपने साथियों सनी गुप्ता और दो अन्य लोगों के साथ अधिवक्ता के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की।
अधिवक्ता निखिल तिवारी ने बताया कि उनका छोटा भाई अखिल पनकी स्थित डिग्री कॉलेज में बीए थर्ड ईयर का छात्र है। करीब डेढ़ महीने पहले अखिल ने पनकी, गोपालपुर और कालिका नगर निवासी पंकज ठाकुर को 10 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस मांगने पर पंकज ने अखिल को अंबेडकर नगर बुलाया, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
इसके बाद छह अगस्त की सुबह करीब तीन बजे पंकज ठाकुर अपने साथी सनी गुप्ता और दो अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपितों ने घर के बाहर गाली-गलौज करने के बाद पथराव किया। घटना के बाद सभी मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में पथराव करते हुए आरोपितों के कैद होने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान और तलाश शुरू की।
घटना के संबंध में गुजैनी पुलिस ने नौ अगस्त को आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गुजैनी बाईपास से करीब आठ किलोमीटर तक उसका जुलूस निकाला।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर पंकज ठाकुर के खिलाफ गुजैनी, गोविंद नगर, बर्रा, अर्मापुर, पनकी और फजलगंज समेत कई थाना क्षेत्रों में करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट, छेड़खानी और आबकारी अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपितों की तलाश में भी कार्रवाई की जा रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

