धारदार चाकू के साथ घूम रहे दो आरोपित गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
रायपुर, 5 अगस्त (हि.स.)। रायपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने थाना प्रभारियों को चाकूबाजों, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी अभियान के तहत 4 अगस्त को सूचना मिली कि जोगी बंगला और सुरेश मिश्रा चौक के पास दो अलग-अलग व्यक्ति धारदार चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और कुश नाग उर्फ सानू तथा लव नाग उर्फ बोड़ो को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 22 वर्षीय कुश नाग उर्फ सानू और 22 वर्षीय लव नाग उर्फ बोड़ो के रूप में हुई है। दोनों कटोरा तालाब क्षेत्र के निवासी हैं।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

