पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 26 अगस्त (हि. स.) । पुरानी रंजिश के चलते ग्राम डुंडा में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में मुजगहन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया है। मामले में थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है।
बुधवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे प्रार्थी रितेश महिलांग अपने मौसेरे भाई अमन बघेल (28), पिता बसंत बघेल, निवासी ग्राम डुंडा के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मनोज साहू वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपित ने अमन बघेल पर अपने पास रखे चाकू से उसकी दाहिनी कमर के पास वार कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना मुजगहन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल आरोपित की तलाश शुरू की और सूचना मिलने के चंद घंटों के भीतर आरोपित को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपित मनोज साहू उर्फ गन्नू (25), पिता मुलचंद, निवासी ग्राम डुंडा, थाना मुजगहन, जिला रायपुर से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त किया।
पुलिस ने आरोपित मनोज साहू उर्फ गन्नू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

