कोरबा : सरेआम युवती पर चाकू से हमला, आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
कोरबा, 27 मार्च (हि. स.)। दिनदहाड़े एक युवती पर अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घायल युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंचवटी मार्ग की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार सुबह पीड़िता स्कूटी से अपनी ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार एक बदमाश ने उस पर हमला कर दिया और उसकी पीठ में चाकू घोंपकर मौके से फरार हो गया।
हमले के बाद भी घायल युवती ने हिम्मत दिखाते हुए अपने एक परिचित को कॉल कर मदद के लिए बुलाया। बताया जा रहा है कि चाकू उसकी पीठ में करीब दो इंच तक धंसा हुआ था, इसके बावजूद वह किसी तरह अस्पताल पहुंची, जहां तुरंत उसका उपचार शुरू किया गया।
घायल युवती की पहचान आशा खैरवार (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पंप हाउस क्षेत्र की निवासी है और एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर (ADC) में लैब इंचार्ज के रूप में कार्यरत है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपित की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
मामले की जानकारी देते हुए सीएसईबी चौकी प्रभारी एएसआई भीमसेन यादव ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

