home page

यमुनानगर: मीट मार्केट में युवक काे चाकू मारकर किया घायल

 | 

यमुनानगर, 20 मार्च (हि.स.)यमुनानगर के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मीट मार्केट में बीती देर शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर और कंधों पर चोटें पाई गई हैं।

मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने दो परिचितों के साथ भोजन करने के लिए मीट मार्केट गया था। इसी दौरान पास की मेज पर बैठे कुछ युवक शराब का सेवन कर रहे थे। अचानक उनमें से एक ने आरोप लगाया कि उन्हें अपशब्द कहे जा रहे हैं। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जबकि अन्य साथियों ने मारपीट की।

हमले में घायल युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन और नकदी भी गायब हो गई, जिसे लेकर आशंका जताई गई है कि हमलावर अपने साथ ले गए। बताया गया कि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी युवक धमकी देते हुए वहां से चले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार