home page

उरला चाकूबाजी का 24 घंटे में खुलासा, कोरियर बॉय पर हमला करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
उरला चाकूबाजी का 24 घंटे में खुलासा, कोरियर बॉय पर हमला करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उरला थाना क्षेत्र में कोरियर बॉय पर चाकू से हमला करने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे एसबीटी कंपनी के सामने एक कोरियर कंपनी में कार्यरत महेंद्र सिंह ध्रुव पार्सल वितरण कर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक वहां पहुंचे और मामूली बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने धारदार हथियार से महेंद्र सिंह ध्रुव पर हमला कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना उरला में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 109 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना उरला पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।

लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में देवेंद्र वर्मा उर्फ अजय, निवासी मेटल पार्क, बीरगांव, उरला, जयप्रकाश वैष्णव, निवासी दुर्गा नगर, बीरगांव, उरला, हरीश साहू, निवासी जागृति नगर, बीरगांव, उरला, रायपुर है।

गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई। सभी आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर