किशोरी से पहले सामूहिक दुष्कर्म, फिर वीडियो वायरल
मुरादाबाद, 05 फरवरी (हि.स.)। कटघर क्षेत्र में बकरी चराने गई 17 वर्षीय किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत अपनी दादी से की तो आरोपितों ने वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की दादी की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुरादाबाद महानगर के थाना कटघर क्षेत्र में रहने वाली महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 17 वर्षीय पोती 30 जनवरी 2026 की शाम करीब चार बजे अपने खेत पर बकरी चराने गई थी। इसी दौरान किशोरी के पास कटघर के गागन का तिराहा पंडित नगला की मिलक निवासी समीर और शनि पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपितों पर सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और आईटी एक्ट में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

