किशनपुर व पिपरा में 285 ग्राम स्मैक बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनपुर और पिपरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 285 ग्राम स्मैक, 1 लाख 41 हजार 170 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक पैन कार्ड, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस के निर्देश पर मादक पदार्थों की खेप लाए जाने की सूचना मिलने के बाद किशनपुर और पिपरा थाने की पुलिस ने दो टीमों का गठन किया। इसके बाद दंडाधिकारी के साथ वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 100 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन के साथ दो तस्करों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए आरोपितों की निशानदेही पर पिपरा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई।
एक किराना दुकान की तलाशी के दौरान 100 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए अन्य स्थान पर छापेमारी की, जहां से 85 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, एक पैन कार्ड और 1,41,170 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मधुबनी जिले के अंधरामठ थाना क्षेत्र के छतापुर सुब्बाटोल वार्ड नंबर दो निवासी देवेंद्र कुमार यादव, सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के सरायगढ़ वार्ड नंबर 11 निवासी सुमित कुमार यादव और पिपरा थाना क्षेत्र के बेलोखड़ा वार्ड नंबर एक निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही स्मैक की आपूर्ति करने वाले स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है। बरामदगी में शामिल सामान: 285 ग्राम स्मैक, चार मोबाइल फोन, एक पैन कार्ड, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, 1,41,170 रुपये नकद और एक चारपहिया वाहन।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

