home page

किशनपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 792 लीटर नेपाली शराब बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार

 | 

सुपौल, 01 सितंबर (हि.स.)। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस ने किशनपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 792 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ ही एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को किशनपुर थाना क्षेत्र में नेपाली शराब की तस्करी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैरीया पिलाड़ के समीप एक चारपहिया वाहन को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से 504 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। मौके से वाहन चालक राम शंकर कुमार, पिता वनमौली यादव, निवासी गढ़िया, थाना भपटियाही, जिला सुपौल को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने खानपुर रोड स्थित टोल प्लाजा के समीप भी छापेमारी की। यहां से पुलिस ने 288 लीटर नेपाली शराब बरामद की।

दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 792 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। बरामदगी के संबंध में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों तथा गिरोह से जुड़े संभावित ठिकानों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। सुपौल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, सेवन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र