home page

लाइसेंसी पिस्टल हाथ में लेते ही चली गोली, कार मालिक के कंधे में लगी

 | 

नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के किशनगढ़ मोटर मार्केट में मंगलवार को लाइसेंसी हथियार से अचानक गोली चलने से 60 वर्षीय बुजुर्ग घायल हो गए। गोली उनके कंधे में लगी। उन्हें तत्काल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हथियार संभाल रहे चालक को हिरासत में लेकर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात 11 बजे थाना किशनगढ़ में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जांच में घायल की पहचान वसंत कुंज निवासी महेंद्र सिंह (60) के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि महेंद्र सिंह अपने चालक मोनू कुमार निवासी महरौली के साथ किशनगढ़ मोटर मार्केट पहुंचे थे। महेंद्र सिंह के पास लाइसेंसी हथियार था। उन्होंने उस समय अपना हथियार चालक मोनू कुमार को संभालने के लिए दे दिया। इसी दौरान हथियार को संभालते समय अचानक गोली चल गई। गोली महेंद्र सिंह के कंधे में जा लगी।

गोली चलने के बाद मोनू कुमार ने तुरंत महेंद्र सिंह को फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मोनू कुमार को पकड़ लिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी