फसल खराब होने से आहत किसान ने खाद-बीज दुकान पर पी कीटनाशक, अस्पताल में भर्ती
धार, 7 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम दत्तीगरा में फसल खराब होने से परेशान एक किसान ने मंगलवार को खाद-बीज की दुकान पर कथित रूप से कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे परिजन तत्काल धार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय प्रहलाद सिंह राठौर ने अपने दो भाइयों के साथ करीब साढ़े दस बीघा जमीन में 27 जून को सोयाबीन की बुवाई की थी। परिवार का आरोप है कि बुवाई के दौरान 'वरदान' नामक दवा का उपयोग करने के बाद लगभग 10 बीघा क्षेत्र में सोयाबीन के बीज अंकुरित नहीं हुए, जिससे पूरी फसल प्रभावित हो गई।
परिजनों का कहना है कि करीब ढाई बीघा भूमि में उक्त दवा का उपयोग नहीं किया गया था और वहां फसल सामान्य रूप से उग आई। इसी आधार पर उन्हें आशंका है कि नुकसान दवा की गुणवत्ता के कारण हुआ है।
बताया गया कि इसी शिकायत को लेकर प्रहलाद संबंधित खाद-बीज विक्रेता की दुकान पर पहुंचा था। वहां संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से आहत होकर उसने कथित रूप से दुकान पर ही कीटनाशक पी लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है। यदि जांच में दवा की गुणवत्ता में कोई गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित विक्रेता और आपूर्ति एजेंसियों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

