home page

कियोस्क संचालक पर एक करोड़ से अधिक के गबन का आरोप, आरोपित गिरफ्तार

 | 
कियोस्क संचालक पर एक करोड़ से अधिक के गबन का आरोप, आरोपित गिरफ्तार


29 हितग्राहियों के एफडी बांड और लैपटाप जब्त, भखारा पुलिस ने किया राजफाश

धमतरी, 21 सितंबर (हि.स.)। भखारा पुलिस ने एसबीआई कियोस्क के माध्यम से खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी और गबन के मामले में कियोस्क संचालक केशव राम साहू (40) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपित पर 1,00,75,717 रुपये की वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना का आरोप है। पुलिस ने आरोपित के कियोस्क सेंटर ग्राम कोरा से एक लेनोवो लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स डिपाजिट (एफडी) बांड पेपर जब्त किए हैं। मामले में आरोपित को न्यायालय कुरूद में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, एनआईसीटी टेक्नोलाजीज प्राइवेट लिमिटेड धमतरी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर ने थाना भखारा में शिकायत दर्ज कराई थी। संस्था भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के अनुबंध के आधार पर कियोस्क (ग्राहक सेवा केंद्र) का संचालन कराती है। ग्राम कोरा के कियोस्क के संचालन के लिए केशव राम साहू को नियुक्त किया गया था। आरोप है कि उसने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच बैंक खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता करते हुए 1,00,75,717 रुपये का गबन किया। शिकायत पर भखारा थाने में बीएनएस की धारा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से लैपटाप और 29 हितग्राहियों के एफडी बांड गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 21 सितंबर को केशव राम साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपित मूल रूप से ग्राम देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद का निवासी है और वर्तमान में बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, रायपुर में रह रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा