home page

अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार

 | 
अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार


किशनगंज, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिला आसूचना इकाई और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिल, मास्टर चाभी सहित कई उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी शाह इंतजार आलम अपने साथी के साथ एमजीएम अस्पताल के आसपास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर शाह इंतजार आलम और उसके साथी कुंदन सहनी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक ग्लैमर मोटरसाइकिल, एक राइडर मोटरसाइकिल तथा चोरी में प्रयुक्त दो मास्टर चाभी बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर डेरामारी स्थित कब्रिस्तान के पीछे मक्का के खेत में छिपाकर रखी गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। बरामद मोटरसाइकिल किशनगंज थाना कांड संख्या 375/26 में चोरी हुई थी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से दर्जनों मोटरसाइकिल चोरी कर अंतरराज्यीय गिरोह के माध्यम से पश्चिम बंगाल में बेचते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की गई मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से छापेमारी जारी है।

बरामद सामान में ग्लैमर मोटरसाइकिल-01, राइडर मोटरसाइकिल-01, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल-01, मास्टर चाभी-02, मोबाइल-01, हथौड़ा-01, पेचकस-01 तथा कटर ब्लेड-02 शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शाह इंतजार आलम के विरुद्ध मोटरसाइकिल चोरी, एनडीपीएस और मारपीट के कई मामले पहले से दर्ज हैं।गिरफ्तार आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।छापेमारी टीम में पु.नि. मो. मुश्ताक, प्रभारी जिला आसूचना इकाई, पु.नि. निसार अहमद, प्रभारी थानाध्यक्ष, किशनगंज, पु.अ.नि. सोना कुमार, पु.अ.नि. प्रीति कुमारी, पु.अ.नि. नीतीश कुमार, डीआईयू टीम तथा क्यूआरटी सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह