छह साल से फरार दो पुलिस जवानों का हत्यारा एएनटीएफ के हत्थे चढ़ा
जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साल से फरार मोस्टवांटेड मादक पदार्थ तस्कर पप्पूलाल उर्फ पप्पू को उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नागौर और मध्यप्रदेश के नीमच पुलिस की ओर से कुल 65 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, पुलिस टीम पर फायरिंग और मारपीट सहित गंभीर अपराधों के 16 से अधिक मामले दर्ज हैं।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता था। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और निजी वाहन से भी सफर नहीं करता था। एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए साधारण यात्री बसों का इस्तेमाल करता था। इसी दौरान पुलिस को उसके उदयपुर में होने की सूचना मिली। टीम ने निगरानी रखकर उसे सेलिब्रेशन मॉल में खरीदारी करते समय दबोच लिया।
33 वर्षीय पप्पूलाल मध्यप्रदेश के नीमच जिले के हांडीपुरा का रहने वाला है। 12वीं तक पढ़ाई के बाद उसने खेती शुरू की, लेकिन जल्द ही अफीम और डोडा-चूरा की तस्करी में शामिल हो गया। वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश के सिंगोली थाने में उसके खिलाफ तस्करी का पहला मामला दर्ज हुआ था। इसमें वह करीब एक साल जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद उसने मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क और मजबूत कर लिया। अप्रैल 2021 में भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी और रायला थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। फायरिंग में पुलिस कांस्टेबल ऊंकार रायका और पवन चौधरी शहीद हो गए थे। इसके बाद से पप्पूलाल लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी मध्यप्रदेश के अफीम उत्पादक किसानों को लालच देकर मादक पदार्थ जुटाता था और मारवाड़ क्षेत्र के जोधपुर, बाड़मेर व फलौदी के तस्करों तक डोडा-चूरा की खेप पहुंचाता था। इस अवैध कारोबार से उसने करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित की थी। वर्ष 2022 में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, कोटा ने कार्रवाई करते हुए उसकी अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया था।
पप्पूलाल के खिलाफ भीलवाड़ा के कोटड़ी, चित्तौड़गढ़ के बेगूं, जोधपुर के बिलाड़ा, फलौदी के लोहावट, श्रीगंगानगर के राजियासर तथा मध्यप्रदेश के रतनगढ़ और जावद थानों के अलावा सीएनबी कोटा में गंभीर मामले दर्ज हैं। एएनटीएफ आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ में मारवाड़ और मध्यप्रदेश से जुड़े बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के संबंध में अहम खुलासे होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

