नौकरी का झांसा देकर युवक की किडनी निकालने का आरोप, पुलिस जांच तेज
कोलकाता, 22 अगस्त (हि. स.)। नौकरी का झांसा देकर पंजाब ले जाए गए एक युवक की किडनी निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि लुधियाना के एक निजी अस्पताल में शारीरिक जांच के नाम पर युवक को बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। होश में आने पर उसके पेट के बाईं ओर टांके लगे थे और बाद में उसे पता चला कि उसकी एक किडनी निकाल ली गई है। मामले में विधाननगर दक्षिण थाना पुलिस ने सुकांतनगर इलाके से प्रभास मंडल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पीड़ित युवक मंगल मंडल सॉल्टलेक के सुकांतनगर त्रिनाथ पल्ली का रहने वाला है। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है।
मंगल का आरोप है कि उसके पड़ोसी ने मोटी तनख्वाह वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे पंजाब के लुधियाना ले गया था। नौकरी में शामिल होने से पहले स्वास्थ्य जांच कराने के नाम पर उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे एक इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं है।
मंगल के मुताबिक, जब उसे होश आया तो उसने पेट के बाईं ओर टांके देखे। पूछताछ करने पर उसे बताया गया कि ऑपरेशन के जरिए उसकी एक किडनी निकाल ली गई है। काफी प्रयास के बाद वह किसी तरह कोलकाता वापस पहुंचा और परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने विधाननगर दक्षिण थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रभास मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस को कथित किडनी प्रत्यारोपण से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार, प्रभास की भी एक किडनी नहीं है। उसका दावा है कि वह भी कभी इस गिरोह का शिकार हुआ था।
जांच में यह भी पता चला है कि मंगल की किडनी पंजाब के मोहाली थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में किसी अन्य व्यक्ति के शरीर में प्रत्यारोपित की गई थी। पुलिस ने उस व्यक्ति की जानकारी जुटा ली है और अब उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने किडनी किस माध्यम से प्राप्त की और गिरोह के किन लोगों से उसका संपर्क था।
मामले की जांच के दौरान विधाननगर इलाके के एक नागरिक स्वयंसेवक का नाम भी सामने आया है। मंगल का आरोप है कि लक्ष्मण विश्वास नामक नागरिक स्वयंसेवक उसके घर आया था और उसे पुलिस में शिकायत नहीं करने की सलाह दी थी। मंगल के अनुसार, उसने कहा था कि पैसे देकर मामला दबाया जा सकता है। हालांकि इस आरोप की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है।
वहीं, प्रभास मंडल से पूछताछ में उत्तर प्रदेश के रहने वाले शाकिल नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि शाकिल किडनी तस्करी गिरोह का मुख्य संचालक हो सकता है। विधाननगर दक्षिण थाना पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पंजाब के मोहाली थाने को पत्र भेजा है। पुलिस अब पश्चिम बंगाल से पंजाब तक फैले कथित किडनी तस्करी गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

