home page

पुलिस ने सुखालाल मेहता को किया सकुशल बरामद

 | 
पुलिस ने सुखालाल मेहता को किया सकुशल बरामद


सुपौल, 09 मई (हि.स.)।

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी पंचायत के सरहोचिया गांव में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर दर्ज अपहरण मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बताए गए सुखालाल मेहता को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले की जानकारी वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने राघोपुर थाना परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

एसडीपीओ ने बताया कि 06 मई 2026 की शाम सरहोचिया गांव में नवनिर्मित पंचायत भवन के पास पंचायत प्रवेश द्वार निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरी के भुगतान को लेकर सुखालाल मेहता और बलदेव यादव के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला गंभीर हो गया।घटना के अगले दिन 07 मई 2026 को सुखालाल मेहता की पत्नी कविता देवी ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पति का बलदेव यादव एवं अन्य लोगों ने हत्या की नीयत से अपहरण कर लिया है। आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना कांड संख्या 162/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना संकलन और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करते हुए सुखालाल मेहता को सुपौल से सकुशल बरामद कर लिया।

एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और अपहरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छापामारी दल में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, अपर थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी, पुअनि अमिय प्रसून, पुअनि मुकुल आजाद, पुअनि राजु कुमार, पुअनि कैलाश राम समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र