आठ साल के बच्चे का अपहरण कर मांगे 15 लाख, दो आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के आरंग थानांतर्गत एक मेडिकल दुकान के पास से 8 साल के बच्चे का अपहरण का मामला सामने आया है। अपहरणकर्ताओं ने परिवार को फोन पर बच्चे को छोड़ने के लिए 15 लाख रुपये की मांग रखी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। अपहरणकर्ताओं में शामिल दो आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। साथ ही एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। दोनों आरोपितों को आज शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरंग थाना से मिली जानकारी के अनुसार घटना 16 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे के आसपास की है। आरंग में इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर के पास से अपहरण हुआ। काफी देर तक जब बच्चे का पता नहीं चला तो शाम चार बजे परिजनों ने थाना पहुंचकर शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह मेडप्लस मेडिकल स्टोर में काम करता है और उसकी पत्नी नर्स है। 16 अक्टबूर को वह अपने 8 साल के बेटे को मेडिकल दुकान पर छोड़ दिया था। सुबह 9 बजे के आसपास बच्चा साइकिल चलाने और खेलने की बात बोलकर दुकान से बाहर निकल गया था। इसके बाद वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तब परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया। कुछ सुराग नहीं मिलने पर थाने में शाम करीब 4 बजे सूचना दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाने के बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी करा दी गई, ताकि आरोपित भाग न सकें। जब पुलिस आरोपितों की पतासाजी में जुटी हुई थी, इसी बीच पीड़ित के मोबाइल पर अज्ञात आरोपितों का फोन आया। उन्होंने बच्चे को छोड़ने के लिए 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी। कॉल को ट्रेस करने के लिए पुलिस ने तत्काल रेंज साइबर सेल से टेक्निकल सर्विलांस प्राप्त किया। पुलिस ने संभावित सभी रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस की चौतरफा और सख्त घेराबंदी से घबराए आरोपित खुद को घिरता देख अपहृत बालक को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर देर रात परिजनों को सौंप दिया।
रेंज साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपितों के घर के पास घेराबंदी कर दो मुख्य आरोपितों हेमंत उर्फ छोटू निषाद (उम्र 25 वर्ष), मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (उम्र 20 वर्ष) निवासी दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपितों ने अपहरण और फिरौती मांगने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने कार्रवाई उपरांत दोनों आरोपितों को आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

