झज्जर : अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोनू ने अपने साले और दो अन्य के साथ मिलकर किया था बालक का अपहरण
झज्जर, 06 मार्च (हि.स.)। जिला के गांव बरानी में दुल्हेंडी वाले दिन होली खेलते समय नौ वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस की एसटीएफ ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय पैरा जूडो खिलाड़ी मोनू और उसके साले मनीष को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों ने बालक को पांच करोड़ रुपये फिरौती लेकर छोड़ा था। बता दें कि चार मार्च को झज्जर के बरानी गांव में नौ साल का बालक हुनरजीत अपने साथियों के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में आए और बच्चे का अपहरण कर ले गए। बाद में बालक को छोड़ने के बदले पीड़ित परिवार से पांच करोड़ फिरौती ली।
एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण ने शुक्रवार को बहादुरगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि फिरौती मिलने के बाद आरोपियों ने बच्चे को रोहतक क्षेत्र में छोड़ दिया था। मामले की जांच के दौरान रोहतक एसटीएफ की टीम ने रोहतक के कंसाला गांव निवासी मुख्य आरोपी मोनू और झज्जर के बरानी गांव के रहने वाले उसके साले मनीष को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनीष झज्जर के बरानी गांव का रहने वाला है और वह बच्चे के पिता की गोशाला में काम करता था। आरोपी मोनू ने करीब 20 दिन पहले अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि मामले का मास्टरमाइंड मोनू अंतरराष्ट्रीय स्तर का पैरा जूडो खिलाड़ी है और नेशनल पैरा जूडो गेम्स के अलावा विदेश में भी कई पदक जीत चुका है। वह वर्ल्ड पैरा जूडो गेम्स, पैरा कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोनू ने खेल की दुनिया छोड़कर अपराध का रास्ता चुन लिया और जल्दी अमीर बनने की चाहत में इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को झज्जर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके फरार साथियों के बारे में पूछताछ करेगी। एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि आरोपियों ने पहली बार किसी वारदात को अंजाम दिया और पुलिस के हत्थे चढ़फ गए। इन्होंने फिरौती की पांच करोड़ रुपये की रकम को आपस में बांट लिया था, जिसे पुलिस जल्द ही बरामद कर लेगी। अपने बेटे हुनरजीत के सुरक्षित मिलने के बाद से पिता अमरजीत फोगाट और अन्य परिजनों ने राहत की सांस ली है। अमरजीत जिला के छुछकवास में नर्सिंग कॉलेज चलाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

