अपहरण कांड का वांछित बदमाश मुठभेड़ में घायल, सिपाही भी घायल
बरेली, 13 मई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित इज्जतनगर थाना क्षेत्र में अपहरण कांड के वांछित बदमाश को पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम का एक सिपाही भी घायल हो गया। घायल बदमाश का एक साथी फरार हो गया पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 मई की रात इज्जतनगर थाना पुलिस कलापुर पुलिया पीलीभीत रोड पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में कांस्टेबल नीशू तिवारी घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपित विमल पुत्र विनोद कुमार निवासी रिछौला थाना नवाबगंज के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित थाना इज्जतनगर में दर्ज फिरौती के लिए अपहरण के मुकदमे में वांछित था। पूछताछ में उसने बताया कि अपने साथियों उमाशंकर, आकाश और हरनेश के साथ मिलकर नौ मई को फन सिटी के आगे से एक युवक का अपहरण किया था। इस मामले में उसका साथी उमाशंकर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा और तीन खोखा कारतूस, चोरी की टीवीएस अपाचे बाइक और 250 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल आरोपी और घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इज्जतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम पर फायरिंग करने के बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

