home page

एक घंटे में अपहृत किशोर बरामद, पुलिस की तत्परता से नाकाम हुई अपहरण की साजिश

 | 
एक घंटे में अपहृत किशोर बरामद, पुलिस की तत्परता से नाकाम हुई अपहरण की साजिश


सीवान, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव से शुक्रवार की सुबह एक 15 वर्षीय किशोर के अपहरण से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के बल पर महज एक घंटे के भीतर ही अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार सूर्यपुरा निवासी रंजय सिंह के पुत्र गुलशन कुमार उर्फ बुलबुल का शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही लकड़ी नबीगंज थाना सहित पूरा पुलिस महकमा सक्रिय हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अमन एवं कई थानों की पुलिस टीम के साथ जिला आसूचना इकाई मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। अपहृत बालक की शीघ्र बरामदगी के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अमन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाया। साथ ही मोबाइल लोकेशन के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में लकड़ी नबीगंज थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार, भगवानपुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार एवं आसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस की सख्ती और तकनीकी अनुसंधान का परिणाम यह हुआ कि अपहृत बालक गुलशन को गोपालगंज जिले के जिला परिषद कार्यालय के समीप से घटना के महज एक घंटे के भीतर ही सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम उसे सुरक्षित बसंतपुर थाना लेकर आई, जहां उससे घटना की पूरी जानकारी ली जा रही है।

घटना के संबंध में बालक के बड़े भाई मुकुंद सिंह ने बताया कि सुबह एक मोबाइल कॉल आने के बाद गुलशन गांव के मसान माई स्थान की ओर गया था, जहां से अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया और मदारपुर की ओर भागने लगे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा अपहरण में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma