24 घंटे में अपहृत पप्पू राय बरामद, 80 लाख फिरौती मांगने वाला लाइनर गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच से पुलिस पहुंची लाइनर तक, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
नवादा, 17 सितंबर (हि.स.)। नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल के समीप से अपहृत पप्पू राय को गुरुवार को नवादा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर झारखंड के कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण की साजिश में लाइनर की भूमिका निभाने वाले रजौली थाना क्षेत्र के मसई निवासी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ के दौरान अपहरण की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि बुधवार को पप्पू राय टोटो से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल के पास बोलेरो सवार अपराधियों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अपहृत के पुत्र निखिल कुमार ने रजौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रजौली के अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तत्काल तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही पुलिस ने अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अंकित कुमार की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पुलिस के समक्ष अपहरण की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए अपहृत पप्पू राय के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसके द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी और पुलिस की तकनीकी जांच के आधार पर टीम झारखंड के कोडरमा पहुंची, जहां से पप्पू राय को बरामद कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि अपहरण के बाद पप्पू राय की रिहाई के बदले 80 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। पुलिस के अनुसार, फिरौती की रकम मांगने में भी गिरफ्तार लाइनर अंकित कुमार की भूमिका सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपहरण की इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अपहरण की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों तथा इस्तेमाल किए गए वाहन की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

