24 घंटे के भीतर अपहृत नाबालिग बरामद, मुख्य आरोपी फरार
किशनगंज, 12 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि मामले का मुख्य आरोपी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शहर के धरमगंज निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर सदर थाना में लिखित आवेदन देकर अपहरण का मामला दर्ज कराया। आवेदन में आरोप लगाया गया कि तैयबपुर निवासी आदित्य कुमार झा किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी को धरमगंज निवासी उसकी नानी एवं मामा का सहयोग प्राप्त था। शिकायत मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों की सहायता से लगातार छापेमारी करते हुए पोठिया थाना क्षेत्र से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने किशोरी का सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता पूरी तरह सुरक्षित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत जताई है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी 24 घंटे के भीतर किशोरी की सकुशल बरामदगी पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

