रायपुर : रिपोर्ट के चंद घंटों में 4 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद, आरोपित गिरफ्तार
- रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महाराष्ट्र के मौदा टोल प्लाजा से बच्ची को किया बरामद
रायपुर, 6 अक्टूबर (हि. स.)। रायपुर पुलिस ने अपहरण की सूचना मिलने के चंद घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए 4 वर्षीय बालिका को महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले आरोपित अमृत पाल सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को बच्ची के परिजन ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, अमृत पाल सिंह नामक व्यक्ति उनकी 4 वर्षीय बेटी को उठाकर ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई और अपराध दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस आयुक्त डॉ. सजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कामले के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन राबिन्सन गुरिया एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सरस्वती नगर निरीक्षक चेतन चन्द्राकर के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपित की संभावित लोकेशन का विश्लेषण किया। जांच में आरोपित के बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर जाने की संभावना सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल महाराष्ट्र रवाना हुई और साकोली तथा मौदा पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।
लगातार तलाश और समन्वित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपित अमृत पाल सिंह को मौदा टोल प्लाजा के पास बच्ची के साथ पकड़ लिया। बच्ची को उसके कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित की पहचान अमृत पाल सिंह (32), निवासी अमृतसर, पंजाब, वर्तमान निवासी हीरापुर गुरुद्वारा के पास, साकुरे पोल्ट्री फार्म, सन्नी के किराये के मकान, थाना कबीर नगर, रायपुर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में महाराष्ट्र की मौदा पुलिस एवं साकोली पुलिस के साथ रायपुर पुलिस के सउनि सुशील शुक्ला, पीएसआई अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सूरजित सिंह सेंगर, आरक्षक ज्ञानचंद साहू तथा क्राइम यूनिट से सउनि परिहार और राकेश पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

