सागरः कलयुगी बेटे ने मां की हत्या कर शव को डबल बेड में छिपाया, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
सागर, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना खुरई ग्रामीण पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने अपनी ही माँ की बेरहमी से हत्या करने और साक्ष्य छुपाने के आरोप में एक कलयुगी बेटे को गिरफ्तार कर गुरुवार को मामले का खुलासा कर दिया है।
मामला 11 अप्रैल 2026 को सामने आया था। खुरई के सहोद्राराय वार्ड के निवासी 16 वर्षीय नाबालिग फरियादी देव अहिरवार ने खुरई ग्रामीण थाने में आकर एक दर्दनाक सूचना दी। उसने बताया कि उसकी 45 वर्षीय मां ममता अहिरवार की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। इतना ही नहीं, शातिर अपराधी ने पकड़े जाने के डर से और अपराध को छिपाने की नीयत से मृतका के शव को घर के अंदर बने कमरे में रखे डबल बेड के बॉक्स के भीतर बंद कर दिया था।
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए खुरई ग्रामीण पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को क्रैक करने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सबसे पहले घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की गई। लगातार मिले सबूतों और कड़ियों को जोड़ने के बाद पुलिस के शक की सुई मृतका के बड़े बेटे पर जाकर टिकी। सघन विवेचना के बाद सिंगपुर ग्राम के निवासी 32 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार पुत्र रामकिशन अहिरवार की इस जघन्य हत्याकांड में संलिप्तता पूरी तरह प्रमाणित हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर 17 जून 2026 को आरोपी सुरेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया और गुरुवार को खुलासा करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
थाना खुरई ग्रामीण पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी अनुसंधान के कारण इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश बेहद कम समय में हो सका। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में संतोष सिंह दांगी (निरीक्षक, थाना प्रभारी खुरई ग्रामीण), भुजबल सिंह (प्रधान आरक्षक 718), संजय जाट (आरक्षक 1843), जितेन्द्र धाकड़ (आरक्षक 1308), कुंवर सिंह (आरक्षक 1477), सायबर सेल, सागर की विशेष टीम की मुख्य भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

