शगुन ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी का खुलासा,चोरी का चांदी का गहना,सोने का आभूषण के साथ गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
अररिया 24 नवम्बर(हि.स.)।
अररिया एसपी के आवास के महज दो सौ मीटर की दूरी पर 18 नवम्बर को हुए शगुन ज्वैलर्स दुकान में सेंधमारी कर स्वर्णाभूषण की भीषण चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है।पुलिस ने चोरी का 5.330 किलो चांदी का गहना,बर्तन एवं सोने का अन्य आभूषण के साथ अंतर-राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।मंगलवार शाम को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी जितेन्द्र कुमार ने यह जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र में 18 नवम्बर को शगुन ज्वेलर्स की दूकान में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा शटर को गैस कटर से काटकर दुकान में घुस कर उसमें रखे सोने एवं चॉदी का आभूषण एवं बर्तन को चोरी की थी।मामले को लेकर अररिया नगर थाना में कांड संख्या-568/2026 दिनांक-19.11.2026 धारा 334(1)/303(2) बीएनएस के अन्तर्गत अज्ञात के विरूद्ध दर्ज किया गया था।कांड की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी द्वारा घटनास्थल के आस पास एवं मार्ग में लगे सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन, तकनीकि साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं अन्य मानवीय स्रोतों के आधार पर लगातार छापामारी एवं अनुसंधान कर कांड का सफल उद्भेदन किया। घटना में संलिप्त दो अभियुक्त पश्चिम बंगाल के हैं।जिनमें मालदा जिला के कलियाचक थाना क्षेत्र के राजनगर के रहने वाले 39 वर्षीय उज्वल मंडल पिता नागेन मंडल और मालदा जिला के ही मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के बबला बाजार के रहने वाले 54 वर्षीय अफसर खान पिता स्व० कुतुबद्दीन खान है।दोनों की निशानदेही पर कांड में चोरी की गई आभूषणों एवं अन्य सामग्रीयों को झारखंड के साहेबगंज जिला अन्तर्गत राजमहल थाना एवं पश्चिम बंगाल के मालदा से बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त पीकअप वैन संख्या डब्ल्यूबी65ई-3367 को भी बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि बाकी चोरी के सामान की बरामदगी एवं शेष आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है।पुलिस ने सोने का मंगल सूत्र एक, लॉकेट एक,सोने का कंगन एक, सोने का चुड़ी एक, शंखापोला चुड़ी छह पीस, लाल रंग का शंखापोला,चांदी का आभूषण एवं अन्य सामग्री कुल वजन 05 किलो 330 ग्राम बरामद किया है। छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार,नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक,एसआई मुकेश कुमार,गोरख कुमार,अमीत कुमार, डीआईयू टीम के साथ पूर्णिया एसटीएफ की टीम शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

