home page

देवरिया: पुलिस ने ट्रक से 69 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, तस्कर गिरफ्तार

 | 
देवरिया: पुलिस ने ट्रक से 69 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, तस्कर गिरफ्तार


देवरिया, 22 जुलाई (हि.स.)। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुखुन्दू पुलिस ने बुधवार को एक ट्रक से 69 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर ट्रक भी कब्जे में ले लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह ने बताया कि खुखुन्दू पुलिस ने एक सूचना पर रहमान पेट्रोल पंप, परसिया भंडारी के पास घेराबंदी कर ट्रक काे पकड़ लिया। जांच के दौरान बिहार ले जाए जा रहे ट्रक (यूपी 52 टी 6906) की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि मौके से पुलिस ने सलेमपुर के टीचर काॅलाेनी निवासी अंकित मद्देशिया (27) को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध थाना खुखुन्दू में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्रक से 58 पेटी 8 PM ब्रांड की अंग्रेजी शराब, जिसमें कुल 2784 पाउच (प्रत्येक 180 मिलीलीटर), 9 पेटी किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रॉन्ग बीयर, जिसमें कुल 216 कैन (प्रत्येक 500 मिलीलीटर) तथा 2 पेटी ट्यूबोर्ग बीयर, जिसमें कुल 48 कैन (प्रत्येक 500 मिलीलीटर) बरामद किए गए। बरामद शराब को बिहार ले जाकर खपाने की तैयारी थी।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह पटेल, कांस्टेबल विनोद यादव प्रथम, कांस्टेबल गिरजेश यादव तथा आरक्षी चालक रामविनय शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक