home page

खुखुन्दू पुलिस ने झपट्टामारी गिरोह के तीसरे आरोपी को किया गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

 | 
खुखुन्दू पुलिस ने झपट्टामारी गिरोह के तीसरे आरोपी को किया गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद


देवरिया, 03 अगस्त (हि.स.)। खुखुन्दू थाना पुलिस ने सोमवार को झपट्टामारी की घटना में वांछित तीसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया हैं। उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह ने बताया कि थाना खुखुन्दू पुलिस ने सोमवार को सूचना पर मुसैला तिराहे के पास से सद्दाम शाह (24) निवासी मोहन मुंडेरा, थाना खुखुन्दू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को तिलौली उर्फ डेहरी निवासी विशाल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता के गले से दो बाइक सवार बदमाशों ने लॉकेट झपटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना खुखुन्दू पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपित मुसाफिर शाह और कलीम शेख को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। विवेचना में सद्दाम शाह का नाम भी सामने आने पर उसकी तलाश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने संबंधित मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी कर दी है।

उन्होंने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सद्दाम शाह के खिलाफ देवरिया जिले के विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपित से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नितिन यादव, उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह पटेल, कांस्टेबल श्रवण गिरी और कांस्टेबल सूरज यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक