home page

उदयपुर के खाटूश्यामजी मंदिर चोरी का खुलासा, 5 बदमाश गिरफ्तार

 | 
उदयपुर के खाटूश्यामजी मंदिर चोरी का खुलासा, 5 बदमाश गिरफ्तार


उदयपुर, 09 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के फतहनगर स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से 8 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी की थी। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस आरोपिताें तक पहुंचने में सफल रही।

जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ पुलिस ने अप्रैल माह में दुर्ग स्थित मल्लीनाथ जैन मंदिर में हुई सिलसिलेवार चोरियों की जांच के दौरान इस गिरोह को पकड़ा। पूछताछ में आरोपिताें ने उदयपुर जिले के फतहनगर क्षेत्र के लदाना स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में हुई चोरी की वारदात भी कबूल कर ली।

चित्तौड़गढ़ एसपी मनीष त्रिपाठी के अनुसार मल्लीनाथ जैन मंदिर चोरी में मिठूलाल नायक, कान्हा उर्फ कन्हैया नायक, प्रकाश खारोल, देवीलाल रावत, राजमल उर्फ राजू कामड़ और किशन लोहार शामिल थे। वहीं खाटूश्यामजी मंदिर चोरी में मिठुलाल नायक, कान्हा उर्फ कन्हैया नायक, घनश्याम सालवी, देवीलाल रावत, राजमल उर्फ राजू कामड़, काजल उर्फ मनीषा गाडरी तथा नारायण नायक के नाम सामने आए हैं। इनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि 8 मार्च की रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी निकाली और उसे बोरे में भरकर फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दानपात्र तोड़ते और रुपए समेटते साफ दिखाई दिए थे। पुलिस अब गिरोह से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता