खड़गपुर में 76 किलो से अधिक गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
खड़गपुर, 17 सितंबर (हि. स.)। खड़गपुर टाउन थाने की पुलिस ने बुधवार को खड़गपुर के गोलबाजार स्थित आजाद बस्ती में एक मकान पर देर रात छापेमारी कर 76 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद किया। इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे दो लोगों को पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोलबाजार आजाद बस्ती निवासी इफतेखार अहमद उर्फ सुकुबाबा और गुजरात के महीसागर जिले के बाचकारिया थानांतर्गत करोदिया फालियू निवासी शेख ताहिल हुसैन के रूप में हुई है। थाने से सूचना पाकर खड़गपुर महकमा के कार्यकारी दंडाधिकारी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया के तहत मकान और आसपास के इलाके में तलाशी ली गई। पुलिस ने बरामद गांजे को नियमानुसार पैकेटों में सील कर ए, बी, सी और डी के रूप में चिह्नित किया। आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन और एक चमड़े का बैग भी जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना के निर्देश पर खड़गपुर शहर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार मादक पदार्थ विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खड़गपुर टाउन थाना के प्रभारी निरीक्षक अमित मित्र के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

