home page

161 किलो गांजे की बड़ी खेप के साथ 3 गिरफ्तार, दो कारें जब्त

 | 
161 किलो गांजे की बड़ी खेप के साथ 3 गिरफ्तार, दो कारें जब्त


बेतिया, 20 अगस्त (हि.स.)।

पश्चिम चम्पारण में गुरुवार के सुबह मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बलथर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 161 किलोग्राम गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने दो कारों से गांजा बरामद करते हुए तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।

दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सबजाद मियां (28), पिता शहाबुद्दीन मियां, निवासी पिपरपाती, थाना मैनाटांड़, रफी आलम (40), पिता इस्लाम गद्दी, निवासी नगरदेही तथा सुग्रीम प्रसाद (35), निवासी नगरदेही, थाना भंगहा के रूप में हुई है। बलथर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के अनुसार, पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, एसआई शमशाद आलम एवं पुलिस बल की टीम ने पुराना गैस एजेंसी, बलथर के पास नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान सिकटा की ओर से दो कारें आती दिखाई दीं। पुलिस टीम को देखते ही वाहनों में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहनों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर दोनों कारों को जब्त कर लिया।

तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच तेज

161 किलोग्राम गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बलथर पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने से क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक