home page

सागर: 48 घंटे में सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी, पत्नी ने की थी पति की हत्या

 | 
सागर: 48 घंटे में सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी, पत्नी ने की थी पति की हत्या


सागर, 13 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मंगेला में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बुधवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में मृतक की पत्नी ही हत्या की आरोपी निकली, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को ग्राम मंगेला निवासी हेमराज गौड़ ने थाना केसली में सूचना दी थी कि उसका भाई संजय उर्फ संजू गौड़ खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे। परिजन उसे इलाज के लिए देवरी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर केसली पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल टीम और पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह अंधे कत्ल का प्रतीत हो रहा था, क्योंकि कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया था।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान मृतक की पत्नी के बयानों में विरोधाभास सामने आया। साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब उससे गहन पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसके और पति के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना वाली रात दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने खेत में सो रहे पति के सिर पर नुकीले पत्थर से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद कर लिया है। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी माधवा सिंह, चौकी प्रभारी ललित प्रताप बेदी, साइबर सेल और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे