home page

केरल के छात्र ने उज्जैन में फांसी लगाकर की आत्महत्या

 | 

उज्जैन, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के ग्राम कमेड़ स्थित रूहालय में रह कर पढ़ाई करने वाले केरल के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र बुधवार सुबह छत पर व्यायाम करने के लिए गया था। जब वह काफी देर तक नीचे नहीं आया तो अन्य छात्र वहां पहुंचे तो उसे फंदे पर लटका हुआ देखा।

चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने बताया कि आगर रोड स्थित ग्राम कमेड़ में क्रिश्चन समाज का रूहालय है। जहां पर केरल निवासी मैथ्यू जोसफ पिछले तीन साल से रहकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार सुबह वह अन्य छात्रों के साथ छत पर व्यायाम करने के लिए गया था। कुछ देर बाद सभी छात्र नीचे आ गए, लेकिन वह नहीं आया। उसके साथी तलाश करते हुए वापस छत पर पहुंचे तो वहां पर मैथ्यू फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि संभवत: पढ़ाई के तनाव के चलते छात्र ने आत्महत्या की होगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल