केन नदी में मिला दो दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव, हत्या की आशंका
बांदा, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में माता-पिता का साया पहले ही सिर से उठ चुका था। मोहल्ले के लोग ही दो अनाथ भाइयों के लिए परिवार और सहारा बने हुए थे। इसी बीच 13 वर्षीय अनुज की मौत ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया। दो दिन से लापता किशोर का शव केन नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। मोहल्ले के लोगों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कटरा स्थित नूनिया माहौल निवासी अनुज पुत्र राकेश कीर्तन मंदिर के सामने रहता था। उसकी मां की करीब 10 वर्ष पहले मौत हो गई थी, जबकि पिता का पिछले साल सितंबर में निधन हो गया था। माता-पिता के गुजरने के बाद अनुज अपने छोटे भाई के साथ मोहल्ले के लोगों के सहारे जिंदगी बिता रहा था। दोनों भाइयों के खाने-पीने से लेकर अन्य जरूरतों तक का ध्यान आसपास के लोग रखते थे। अनुज मनी चाय वाले की दुकान पर काम करके भी अपना गुजारा करता था।
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, अनुज को दो दिन पहले रात करीब आठ बजे आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद उसका बुधवार को शव केन नदी में मिलने की खबर पहुंची तो मोहल्ले में कोहराम मच गया। किशोर की मौत की सूचना से हर कोई स्तब्ध रह गया।
मोहल्ला निवासी मनोहर सिंह ने बताया कि अनुज कभी केन नदी की ओर नहाने तक नहीं जाता था। ऐसे में उसका शव नदी में मिलने से कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं। उन्होंने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताई। अन्य मोहल्ले के लोगों ने भी घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल किशोर की मौत की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किशोर की मौत के बाद उसके छोटे भाई के भविष्य को लेकर भी मोहल्ले के लोग चिंतित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

