home page

कटनी थाने में आग लगाने वाले दलपत पटेल की जबलपुर में मौत, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

 | 
कटनी थाने में आग लगाने वाले दलपत पटेल की जबलपुर में मौत, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल


कटनी 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दलपत पटेल की जबलपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब 90 प्रतिशत झुलसे दलपत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के बाद कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा और डीएसपी अनिमेष द्विवेदी ने शुरुआती बयान में कहा था कि दलपत पटेल ने स्वयं पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। अधिकारियों के इस बयान के बाद पुलिस की भूमिका और मामले की जांच को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

मामले में मृतक दलपत पटेल की पत्नी का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है। बताया गया है कि घटना वाले दिन पुलिस उसे भी थाने लेकर आई थी। वायरल वीडियो में पत्नी ने कुठला थाना पुलिस पर उसके साथ मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी के आरोपों के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

दलपत पटेल की मौत के बाद परिजनों ने मामले की न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, जांच पूरी होने तक संबंधित थाना प्रभारी और जांच अधिकारी को पद से हटाने या निलंबित करने की मांग भी उठाई गई है।

परिजनों का कहना है कि निष्पक्ष जांच के लिए स्थानीय स्तर के पुलिस अधिकारियों से अलग किसी स्वतंत्र एजेंसी या वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों से मामले की जांच कराई जानी चाहिए।

दलपत पटेल की मौत के बाद अब पुलिस के शुरुआती दावे और उसकी पत्नी की ओर से लगाए गए आरोप जांच का प्रमुख बिंदु बन गए हैं। मामले में विस्तृत जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी