home page

कटनी में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, देसी बम हमले में 5 नाबालिग समेत 7 घायल, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

 | 
कटनी में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, देसी बम हमले में 5 नाबालिग समेत 7 घायल, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात


कटनी, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र के बंगला लाइन कैंप में गुरुवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान हमलावरों ने देसी बम (सूअर मार बम) फेंक दिए, जिससे पांच नाबालिगों सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। स्थानीय निवासी सचिन यादव ने बताया कि करीब 10 से 12 लोग अचानक एक घर के पास पहुंचे और देसी बम फेंकना शुरू कर दिया। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच दो दिन पहले भी विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने बदला लेने के इरादे से यह हमला किया।

पांच नाबालिग समेत सात घायल

हमले में नितेश (15), प्रियांशु (17), अमन (18), कविता (25), देव (11), रोहिणी (35) और प्रीत (18) घायल हुए हैं। इनमें पांच नाबालिग शामिल हैं, जो घटना के समय घर के पास खेल रहे थे या आसपास मौजूद थे। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इलाके में तनाव, पुलिस तैनात

घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी दुबे के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे