कटनी में नदी में मिला बंधे हाथ-पांव वाला कंकाल, हत्या की आशंका से क्षेत्र में सनसनी
कटनी, 17 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरही थाना इलाके में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब महानदी पुल के पास नदी में एक युवक का कंकाल देखा गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई और लोग दहशत में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह नदी में करीब 40 वर्षीय युवक का कंकाल तैरता हुआ देखा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कंकाल के हाथ-पांव बंधे हुए थे। इस स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है, क्योंकि अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की स्थिति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह घटना कुछ समय पुरानी हो सकती है।
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब इस क्षेत्र में नदी से शव बरामद हुआ हो। कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र की महानदी में एक युवक का शव मिला था, जिसकी आज तक पहचान नहीं हो सकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, पुलिस आसपास के इलाकों में गुमशुदगी के मामलों की भी पड़ताल कर रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके और घटना की सच्चाई सामने आ सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

