home page

कटनी में चलती वैन का दरवाजा खुलने से सड़क पर गिरा मासूम, अस्पताल में मौत

 | 
कटनी में चलती वैन का दरवाजा खुलने से सड़क पर गिरा मासूम, अस्पताल में मौत


कटनी, 9 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक हादसे में स्कूल छात्र की मौत हो गई। द्वारिका स्कूल की तूफान वैन का दरवाजा अचानक खुलने से 10 वर्षीय छात्र चलती गाड़ी से सड़क पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल छात्र ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है।

थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के अनुसार, टीकर निवासी दिनेश यादव का 10 वर्षीय पुत्र जीत यादव द्वारिका स्कूल में कक्षा तीसरी में पढ़ता था। बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह तूफान वैन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में वैन का दरवाजा अचानक खुल गया और जीत चलती गाड़ी से सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल बच्चे को तत्काल नजदीकी शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने निजी स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर स्कूली वाहनों के संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर विजयराघवगढ़ थाना पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, वाहन चालक की लापरवाही, वाहन की फिटनेस और स्कूल प्रबंधन की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी