home page

कटनी : पांच साल से हत्या के मामले में फरार आरोपी इटारसी से गिरफ्तार

 | 
कटनी : पांच साल से हत्या के मामले में फरार आरोपी इटारसी से गिरफ्तार


कटनी, 9 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के कटनी जिले की रीठी पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपित रूलबाबू पारधी को इटारसी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से आरोपित लगातार फरार था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

पुलिस के अनुसार, दो फरवरी 2022 को चरसलाल पारधी की हत्या के मामले में रीठी थाने में अपराध क्रमांक 33/22 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 324 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जोनस लाल पारधी, रूलबाबू पारधी और चंसूर उर्फ बिस्किटलाल पारधी की हत्या में संलिप्तता सामने आई थी। आरोपितों पर लोहे की रॉड और बरछी से हमला कर चरसलाल पारधी की हत्या करने का आरोप था। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई थी।

मामला दर्ज होने के बाद से फरार आरोपितों की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रूलबाबू पारधी इटारसी में मौजूद है। सूचना के आधार पर रीठी पुलिस की टीम इटारसी पहुंची और रेलवे स्टेशन के आसपास तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में भी जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी