कटनी-उमरिया हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुआ घायल, रेस्क्यू कर मुकुंदपुर जू भेजा गया
कटनी, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के कटनी-उमरिया हाईवे पर पठरा गांव के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से तेंदुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम की टीम मौके पर पहुंची तथा संयुक्त अभियान चलाकर तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया। घायल वन्यजीव को उपचार के लिए मुकुंदपुर जू भेजा गया है।
शुक्रवार को कुण्डम परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक मोहित सूद ने बताया कि कक्ष क्रमांक 453 के समीप हाईवे किनारे राहगीरों ने एक तेंदुए को घायल अवस्था में पड़ा देखा था। सूचना पर बड़वारा परिक्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात वाहन ने तेंदुए को टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद उनके मार्गदर्शन में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई थी, जिसे नियंत्रित करने में कटनी वन मंडल के अमले ने सहयोग किया।
तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर को बुलाया गया। उन्होंने तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित कब्जे में लिया। इसके बाद विशेष ट्रेप केज की मदद से उसे रेस्क्यू वाहन में रखा गया।
घायल तेंदुए को तत्काल मुकुंदपुर चिड़ियाघर भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तेंदुए को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

