रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाला अंतरराज्यीय चोर गिरोह बेनकाब, 10 लाख के जेवर बरामद
कटनी, 02 जुलाई (हि.स.)। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के कीमती सामान की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का कटनी जीआरपी ने भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10.30 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो पुराने हिस्ट्रीशीटर और जीआरपी के निगरानी बदमाश भी शामिल हैं।
रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुंदर सिंह कनेश ने गुरूवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि रेल क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान कटनी जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए शरद उर्फ गोलू झारिया, अमित सिंह खगार, सौरभ कुल्हाड़ा, राहुल ठाकुर और हर्ष खगार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, दो सोने की अंगूठियां तथा एक सोने की बाली सहित कुल 10 लाख 30 हजार 848 रुपये मूल्य के जेवर बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया कि गिरोह के दो मुख्य आरोपी पहले से ही जीआरपी थाना कटनी के निगरानी बदमाश हैं और लंबे समय से रेल यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कटनी जीआरपी टीम की रेल पुलिस अधीक्षक ने सराहना करते हुए शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

