home page

कटनी : एनओसी के नाम पर 25 हजार की रिश्वत मांगी, 20 हजार लेते लिपिक गिरफ्तार

 | 
कटनी : एनओसी के नाम पर 25 हजार की रिश्वत मांगी, 20 हजार लेते लिपिक गिरफ्तार


कटनी, 23 अक्‍टूबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के नगर निगम कटनी में अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माण कार्य के लिए बैंक से ऋण लेने वाले एक ट्रांसपोर्टर से कथित तौर पर 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया।

लोकायुक्त की उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर, पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। इस प्लॉट पर निर्माण कराने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। बैंक ने ऋण स्वीकृत करने के लिए नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करने को कहा था।

इसी सिलसिले में अशोक कनकने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे थे। आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले लिपिक ने उनसे 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

रिश्वत की कथित मांग से परेशान होकर ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी लिपिक को पकड़ने के लिए योजना बनाई।

शुक्रवार को लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। शिकायतकर्ता जैसे ही लिपिक आलोक गर्ग को 20 हजार रुपये देने पहुंचा, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एनओसी जैसे जरूरी दस्तावेज के बदले रिश्वत मांगने के आरोप और लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद नगर निगम में मामला चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल लोकायुक्त की टीम प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी