कटिहार पुलिस का महाअभियान: 89 गिरफ्तार, स्मैक और भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त
कटिहार, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और शराब-मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए कटिहार पुलिस ने पिछले 48 घंटों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 89 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मनिहारी और तेलता थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग छापेमारी में 90 ग्राम से अधिक स्मैक (ड्रग्स) और लगभग 44 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। सघन वाहन जांच अभियान के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन में 1,44,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।
ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मनिहारी थाना पुलिस ने ग्राम-नया टोला में छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 90.17 ग्राम स्मैक बरामद किया है। मौके से एक मोबाइल फोन और 21,610 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर तस्करों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई शनिवार को तेलता थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से एक कार में शराब की खेप लाई जा रही है। बालूगंज के पास जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो कार सवार भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से 44.640 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पकड़े गए तीनों तस्कर— मो. अंसार, मो. शहाबुद्दीन और मो. रोहित, पूर्णिया जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र के मुराजपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने शराब, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अन्य कार्रवाइयों में 5 लीटर देसी शराब और 1.5 लीटर विदेशी शराब के साथ एक अन्य कार व मोबाइल भी जब्त किया था। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील संस्थानों के पास लगातार गश्ती की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों, शराब के अवैध निर्माण व बिक्री और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए यह सघन अभियान और वाहन जांच निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

