नशे के अवैध कारोबार पर कटिहार पुलिस का बड़ा प्रहार,तस्करों की धरपकड़ को सघन छापेमारी
कटिहार, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की कमर तोड़ने और नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के उद्देश्य से कटिहार पुलिस ने बुधवार को जिले भर में विशेष समकालीन अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश के बाद कटिहार के शहरी क्षेत्रों सहित सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस एक साथ एक्शन मोड में आ गई है। अभियान के तहत पुलिस टीमें अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी और इस धंधे में संलिप्त तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
अभियान के दौरान जिले के सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों और अंतर-जिला सीमाओं पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन तलाशी ले रही है। इसके साथ ही पूर्व से चिह्नित संवेदनशील इलाकों, नशीले पदार्थों के संभावित भंडारण स्थलों और तस्करी के रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) और थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अभियान को लगातार और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी खुफिया सूचना पर बिना देरी के त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कटिहार पुलिस ने आम नागरिकों से भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास नशे के अवैध कारोबार, भंडारण अथवा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वे तुरंत अपने नजदीकी थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

