home page

त्योहार पर लूट और चोरी का बड़ा मंसूबा ध्वस्त: कटिहार में 5 अपराधी दबोचे गए, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

 | 

कटिहार, 06 नवंबर (हि.स.)। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत कटिहार पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट और चोरी की दो बड़ी साजिशों को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एसटीएफ और विशेष अनुसंधान दल के सहयोग से कुल पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

न्यायालय परिसर के बाहर रची थी ज्वेलरी दुकान में चोरी की साजिश

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (मनिहारी) के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने वैज्ञानिक व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अमदाबाद क्षेत्र से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अपराधी मो० कलाम के संगठित गिरोह से जुड़े हैं, जो पूर्व में हत्या और ज्वेलरी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 26 अक्टूबर को न्यायालय में पेशी/तारीख पर आने के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर चाय दुकान पर धनतेरस और दीपावली के मौके पर ज्वेलरी दुकान में चोरी की योजना बनाई गई थी और 5 नवंबर की रात घटना को अंजाम देने की तैयारी थी। इस मामले में अमदाबाद थाना कांड संख्या-323/26 दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त: राजा उर्फ मो० तालीम (28 वर्ष, सा०- पश्चिम टोला), ओंकार आलम (26 वर्ष, सा०- बैरिया) एवं नूरूल (55 वर्ष, सा०- बगुलागढ़); तीनों थाना अमदाबाद, जिला कटिहार निवासी हैं। इनके पास से 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

काढ़ागोला घाट पर मछली जलकर लूटने की योजना विफल

दूसरी कार्रवाई में, 6 नवंबर को बरारी थानाध्यक्ष और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर काढ़ागोला घाट ठोकर के समीप घेराबंदी कर दो अपराधियों को धर दबोचा। दोनों अपराधी अवैध हथियारों के बल पर मछली के जलकर में लूटपाट की फिराक में थे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ा गया। इनकी तलाशी लेने पर 2 देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल बरामद किए गए। इस संबंध में बरारी थाना कांड संख्या-375/26 दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त: उपेन्द्र महतो (45 वर्ष) एवं रंजीत महतो (40 वर्ष), दोनों निवासी गोबराही दियारा, थाना कुरसेला, जिला कटिहार। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उपेन्द्र महतो के खिलाफ पूर्व से कुरसेला थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।

कटिहार पुलिस ने आम नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक साजिश की सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते कठोर कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह